Homeक्राइम न्यूजजिला बहाली आंदोलन को दबाने का आरोप: परिवहन कार्यालय पहुंचे आंदोलनकारी, दो...

जिला बहाली आंदोलन को दबाने का आरोप: परिवहन कार्यालय पहुंचे आंदोलनकारी, दो दर्जन गाड़ियों की चाबियां सौंपकर जताया विरोध

केकड़ी, 27 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच जयपुर में आयोजित पद मार्च में शामिल होने जा रहे लोगों के वाहनों को जबरन रोके जाने के विरोध में बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया गया। सावर के पूर्व पालिकाध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में सैकड़ों आंदोलनकारी डीटीओ कार्यालय पहुंचे व पुलिस व परिवहन विभाग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। इससे पहले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपखंड कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन व परिवहन विभाग सत्ता के दबाव में कार्य कर रहा है। जिला बहाली आंदोलन को कमजोर करने के उद्देश्य से ही मंगलवार को जयपुर पद मार्च में शामिल होने जा रहे क्षेत्र के लोगों के वाहनों को जगह-जगह रोका गया।

केकड़ी: बॉक्स में भरी वाहनों की चाबियां।

परिवहन कार्यालय के बाहर खड़ी कीं गाड़ियां: उपखंड कार्यालय से विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में सैकड़ों लोग करीब दो दर्जन से अधिक वाहनों के साथ नारेबाजी करते हुए परिवहन कार्यालय (डीटीओ) पहुंचे। प्रशासन की कथित कार्रवाई से नाराज आंदोलनकारियों ने अपने सभी वाहन डीटीओ कार्यालय के बाहर ही खड़े कर दिए। इसके बाद सभी वाहनों की चाबियां एक बॉक्स में एकत्रित की गई। आंदोलन में शामिल महिलाओं ने इस दौरान मंगल गीत गाकर बेहद अनोखे तरीके से अपना विरोध प्रदर्शित किया। बाद में दो दर्जन से अधिक वाहनों की चाबियों का यह बॉक्स पुलिस प्रशासन व परिवहन अधिकारियों को सौंप दिया गया।

आंदोलन को दबाने का प्रयास नहीं करें प्रशासन: पूर्व पालिकाध्यक्ष शक्तावत ने अधिकारियों से कहा कि यदि प्रशासन को आंदोलनकारियों के वाहन जब्त ही करने हैं, तो वे स्वयं अपने सारे वाहन लेकर यहां आ गए है। प्रशासन को जो भी कार्रवाई करनी है, वह खुलकर करे, लेकिन आंदोलन को डराने या दबाने का प्रयास न किया जाए। विरोध प्रदर्शन दर्ज कराने के बाद सभी आंदोलनकारी पैदल ही वापस रवाना हो गए। गौरतलब है कि केकड़ी जिला बहाली सहित विभिन्न क्षेत्रीय मांगों को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में गत 18 मई से सावर से जयपुर के लिए पैदल यात्रा शुरू की गई थी।

केकड़ी: कानून व्यवस्था को लेकर मौजूद पुलिस बल।

सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा भारी पुलिस जाप्ता: आंदोलनकारियों के उग्र तेवरों व विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। परिवहन कार्यालय व आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा के नेतृत्व में केकड़ी सिटी, केकड़ी सदर, सावर, सराना, सरवाड़ व नसीराबाद सहित विभिन्न थानों का भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। इसके अलावा अजमेर पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाकर तैनात किया गया था। 

RELATED ARTICLES