केकड़ी, 29 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रामस्नेही वाटिका में एक सप्ताह तक चलने वाली संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा व उत्साह के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पहले सुबह माली मोहल्ला स्थित पथवारी के स्थान से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा माली मोहल्ला, सूरजपोल गेट व रामद्वारा होते हुए कथा स्थल रामस्नेही वाटिका पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। लाल चुंदड़ी व सफेद वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।

मानव जीवन को सही दिशा देता है भागवत महाग्रंथ: कलश यात्रा के कथा स्थल पहुंचने पर श्रीधाम गोवर्धन से पधारे कथा व्यास पण्डित घनानंद महाराज के सानिध्य में पवित्र श्रीमद्भागवत जी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। मुख्य यजमान सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ व भागवत ग्रंथ की आरती उतारकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद व्यासपीठ से महाराज श्री ने श्रीमद्भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए प्रथम श्लोक से कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत को समझना भगवान को समझने के समान है। श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला महाग्रंथ है। इसके श्रवण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं व आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है।

आयोजन में इनका रहा सहयोग: कथा पंडाल एवं शोभा यात्रा की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महेन्द्र पारीक, शोभाराम माली, रामस्वरूप माली, छीतर खाती, रामजस माली, भगवान शाक्य, सोजी, राजू माली, रामधन जाट, तुलसीराम विजय, श्यामसुंदर विजयवर्गीय, अशोक पारीक, आदित्य पारीक, गिरिराज पारीक, सीमा शर्मा, आनंदी राम सोमानी, रामनिवास छीपा, अमित गर्ग, निरंजन तोषनीवाल, सविता तोषनीवाल, महेंद्र प्रधान, मीरा माली, सरोज सोमानी, वंदना विजयवर्गीय, पिंकी वैष्णव, मैना वैष्णव, आशा माली व बसंती मंत्री सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आनंद लेने की अपील की है।


