Homeक्राइम न्यूजचाकू की नोक पर लूट की कहानी का ड्रामा फ्लॉप, सीसीटीवी फुटेज...

चाकू की नोक पर लूट की कहानी का ड्रामा फ्लॉप, सीसीटीवी फुटेज व फोरेंसिक जांच ने खोला राज; पुलिस ने बहू को किया गिरफ्तार, लाखों की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात बरामद

केकड़ी, 29 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने सास के जेवर व नकदी चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए बहु को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में नकाबपोश बदमाशों के घुसने की एक झूठी कहानी रची थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच के सामने उसकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दोपहर के समय जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तब दो नकाबपोश बदमाश हाथ में चाकू लेकर घर में घुसे। महिला ने डरकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद बदमाश सास विमला देवी के कमरे से करीब 12 तोला सोने के जेवरात, चांदी की पायजेब व करीब 12 लाख रुपए की नकदी चुराकर फरार हो गए। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

सीसीटीवी फुटेज व फोरेंसिक जांच से खुला राज: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया। जब गली और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आता-जाता दिखाई नहीं दिया। मामला संदिग्ध लगने पर एमओबी टीम के एएसआई तेजाराम व मोबाइल फोरेन्सिक टीम अजमेर के डॉ कैलाश को बुलाकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण करवाया गया। घटनास्थल के साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर जब पीड़िता की बहू उषा देवी पर संदेह हुआ, तो पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महिला टूट गई और उसने खुद ही चोरी की इस पूरी वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

चोरी गया माल बरामद: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी महिला की निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिसमें 6.97 लाख रुपए नकद, करीब 10 तोला सोने के आभूषण व 480 ग्राम चांदी के बर्तन व जेवरात शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है व उसे कल न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस अंधेरे मामले का त्वरित खुलासा करने में थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, कांस्टेबल तेजमल व महिला कांस्टेबल दिव्या की सराहनीय भूमिका रही।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES