Homeक्राइम न्यूजयुवक की हत्या का सनसनीखेज मामला: सवा 3 साल से फरार चल...

युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला: सवा 3 साल से फरार चल रहे दो सगे भाई गिरफ्तार, एक किशोर भी निरुद्ध

केकड़ी, 04 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत सरवाड़ थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वर्ष 2023 से फरार चल रहे टॉप-10 सूची के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई है।

क्या था पूरा घटनाक्रम: पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2023 को परिवादी मुश्ताक हुसैन ने थाने में एक लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि 7 मार्च 2023 की रात्रि करीब 10:30 बजे उनका भतीजा दानिश दूध लेने के लिए एक होटल पर गया था। रास्ते में 15-20 लोगों ने रास्ता रोककर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने जब परिवादी का भाई चिराग वहां पहुंचा, तो उन लोगों ने चिराग पर लाठी-डंडों व हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में चिराग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में हत्या व सामूहिक हमले की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण: पुलिस टीम ने सघन दबिश देकर व तकनीकी अनुसंधान की मदद से घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहे दो सगे भाईयों मोहम्मद दिलशाद साबरी कव्वाल (38) एवं मोहम्मद उमरशाद (30) पुत्र इकबालशाद कव्वाल निवासी सिलावट मोहल्ला हाल जैन मौहल्ला सरवाड़ को धर दबोचा। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी कानूनन निरुद्ध किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर गहनता से पूछताछ व अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई योगेश कुमार, कॉन्स्टेबल शुभकरण, दातार सिंह, हरिराम व कमलेश ने अहम भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES