Homeशासन प्रशासन"स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु" अभियान के तहत विशेष ग्राम सभाएं आयोजित, स्वच्छता की...

“स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु” अभियान के तहत विशेष ग्राम सभाएं आयोजित, स्वच्छता की दिलाई शपथ

केकड़ी, 05 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सचिव पेयजल व स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार तथा आयुक्त पंचायती राज राजस्थान सरकार के आदेशानुसार एक विशेष पहल की गई। इसके तहत “स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु” अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति केकड़ी की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन ग्राम पंचायत कालेडा कृष्ण गोपाल व मोलकिया में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

केकड़ी: विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण करते एसडीएम सुरेश कुमार बलाई एवं अन्य।

यहां हुआ मुख्य कार्यक्रम: मोलकिया में आयोजित विशेष ग्राम सभा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी व विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को एसडब्ल्यूएम (SWM) नियम 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत कालेडा कृष्ण गोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, विकास अधिकारी दिशी शर्मा, ग्राम पंचायत प्रशासक हंस कंवर राठौड़, अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेश गुर्जर व स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक केकड़ी के प्रभारी व ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राजकुमार कीर उपस्थित रहे।

सफाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश: अधिकारियों ने ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट अधिनियम 2026 की जानकारी दी। साथ ही माननीय न्यायालय द्वारा ठोस व तरल अपशिष्ट निस्तारण से संबंधित दिए गए महत्वपूर्ण आदेशों के बारे में बताते हुए सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। ग्राम सभाओं के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर गहन चर्चा की गई। विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने गांवों में बेहतर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए संवेदक व ग्राम पंचायत प्रशासन को मौके पर ही सफाई व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

RELATED ARTICLES