केकड़ी, 12 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि केकड़ी से गुजरने वाले दो प्रमुख स्टेट हाईवे क्षेत्र के विकास की धुरी है। इनके रखरखाव का जिम्मा राजस्थान राज्य सड़क विकास व निर्माण निगम (आरएसआरडीसी) के पास है। केकड़ी में आरएसआरडीसी का ऑफिस नहीं होने के कारण सड़क निर्माण व रखरखाव से जुड़े कार्यों के लिए क्षेत्र के लोगों को अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा व जयपुर के चक्कर लगाने पड़ते थे। केकड़ी में आरएसआरडीसी प्रोजेक्ट ऑफिस खुलने से क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं की मॉनिटरिंग व क्रियान्वयन में अभूतपूर्व तेजी आएगी। वे शुक्रवार को जयपुर अजमेर बाइपास पर आरएसआरडीसी के नवीन प्रोजेक्ट ऑफिस के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का विजन स्पष्ट है। आधारभूत विकास उनकी प्राथमिकता है। आने वाले समय में क्षेत्र में कई बड़े और ऐतिहासिक विकास कार्य धरातल पर नजर आएंगे।

आधारभूत विकास पहली प्राथमिकता: कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केकड़ी में आरएसआरडीसी का प्रोजेक्ट ऑफिस खोलकर क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि यहां एक अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) व तीन सहायक अभियंता (एईएन) सहित अन्य कार्मिकों की तैनाती की गई है। शुरुआत में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर इस कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, महामंत्री केदार शर्मा व कैलाश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, अनिल राठी, महेश बोयत, कमल सांखला, प्रीतम जैन, रोहित जांगिड़, दशरथ जाट सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास: आरएसआरडीसी कार्यालय के उद्घाटन के पश्चात विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कृषि कॉलेज के समीप एक और बड़ी सौगात की नींव रखी। उन्होंने राज्य बजट में क्रमोन्नत हुए बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का विधि-विधान व पूर्ण पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास और भूमि पूजन किया। लगभग 3.82 करोड़ रुपए की लागत से आकार लेने वाले इस आधुनिक चिकित्सालय भवन के बारे में बोले हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि इसका निर्माण कार्य पूर्ण होते ही क्षेत्र के पशुपालकों को अपने बीमार मवेशियों के लिए आधुनिक, विश्वस्तरीय व बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो सकेंगी। शुरुआत में पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित पारीक सहित अन्य ने विधायक शत्रुघ्न गौतम का स्वागत किया।

विकास के मुद्दे पर हो राजनीति, मर्यादा का रखें ध्यान: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा के बयानों पर पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता चुनाव में अपना स्पष्ट फैसला सुना चुकी है, इसलिए अब राजनीति केवल और केवल विकास के मुद्दों पर ही होनी चाहिए। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए विधायक ने नसीहत दी कि राजनीति की मर्यादा हमेशा बनी रहनी चाहिए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि विपक्ष को किसी भी कार्य या प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की शंका है, तो वे निसंकोच इसकी जांच करा सकते है। गौतम ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता पूरे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना व प्रत्येक नागरिक को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है।


