केकड़ी, 29 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, गरिमा व उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न शैक्षणिक व धार्मिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं व विद्यार्थियों ने गुरुजनों का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। पीठ रामानंद कोट संत सेवा आश्रम में आचार्य रामचरण शास्त्री के सानिध्य में गुरु पूजन व वंदना का आयोजन किया गया। आश्रम अध्यक्ष राकेश कुमार पारीक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान खीर, पूरी, पकौड़ी, मिर्च के टपोरे व मिक्स सब्जी का भोग लगाया गया। इस मौके पर सुमत चोटिया, हंसराज प्रजापत, कुंजी हेड़ा, विमल दाधीच, धनराज प्रजापत, राकेश गुर्जर, राकेश प्रजापत, प्रहलाद खाती, राम नारायण गोगावत, घनश्याम प्रजापत, दीपक पारीक, राधेश्याम पाराशर, प्रेमचंद शर्मा, गणेश, गोविंद प्रजापत, रामू शर्मा, जॉनी शर्मा, टोनी पाराशर व सत्यनारायण प्रजापत सहित कई श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर वंदना की।

यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में गुरु वंदना: डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के संघटक महाविद्यालय यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती व गुरुओं के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यार्थी रिया टेलर, रतन कुमार व रामदयाल डांगी ने गुरु महिमा पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समन्वयन सहायक आचार्य डॉ. प्रकाश व डॉ. साक्षी मेवाड़ा ने किया। मंच संचालन प्रथम वर्ष बी.एच.एम.एस. की छात्रा कोविदा गोयल व साक्षी चौधरी ने किया। इस दौरान कुलपति प्रो. (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल व कुलसचिव प्रो. (डॉ.) गोविंद प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया गया। प्राचार्य व चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) पुनीत आर. शाह ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता नहीं, बल्कि जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट चिकित्सक व जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।


