केकड़ी, 14 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सराना थाना पुलिस ने थाना परिसर के बाहर आपस में भिड़े दो पक्षों द्वारा किए गए पथराव व हिंसक झड़प के बाद दोनों पक्षों के 44 हुड़दंगियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 वाहन भी जब्त किए है। सराना थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा ने बताया कि शनिवार शाम को टांटोटी स्थित झूला बस्ती में समाज की बैठक के दौरान दो पक्षों के मध्य लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर सराना थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा व विवाद को शांत करवाया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए विवाद में घायल हुए कोसर, चम्मा, इरफान शेख, शाकिर, इरफान, हाजी उस्मान, हाकिब, हाजिम, नाजीम, तसलीम व शाहरूख को तुरंत इलाज व मेडिकल मुआयने के लिए सीएचसी भिजवाया। समझाइश कर एक बार मौके पर शांति कायम की गई।

अचानक उग्र हुए दोनों पक्ष: विवाद के बाद एक पक्ष की ओर से सराना थाने में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत कर समाज की बैठक के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा धमकाने एवं विवाद उत्पन्न करने संबंधी शिकायत दी गई। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाना स्तर पर बुलाकर समझाइश एवं समझौते के प्रयास किए जा रहे थे। अचानक थाना परिसर के बाहर दोनों पक्षों के लोग फिर से आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष उग्र होकर एक-दूसरे पर लाठी-भाटा जंग पर उतारू हो गए तथा दोनों तरफ से पथराव व मारपीट शुरू हो गई। स्थिति उग्र होते देख पुलिस ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया।

पुलिस ने की त्वरित व सख्त कार्रवाई: शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने व संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 135(3) व 170 के तहत दोनों पक्षों के कुल 44 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा मौके पर मौजूद कुल 14 मोटर साइकिलों व कारों के वैध दस्तावेज न मिलने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर मालखाने में जमा कराया गया है। पुलिस ने त्वरित व सख्त कार्यवाही करते हुए बड़े विवाद को टाल दिया व मौके पर शांति व्यवस्था कायम करवाई। पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है व पुलिस टीम लगातार निगरानी रख रही है।

