केकड़ी, 20 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नागोला सरहद में बालापुरा जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल से अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है व एक अन्य को निरुद्ध किया है। गत दिवस थाना इंचार्ज के नेतृत्व में भिनाय थाना पुलिस का जाब्ता इलाका गश्त व आकस्मिक चेकिंग पर था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रुकवाकर तलाशी ली गई। जांच करने पर मोटरसाइकिल पर मिले दो कट्टों में कुल 12.200 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ व मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

ये हुए गिरफ्तार: पुलिस ने अवैध तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए पाडलिया निवासी जितेन्द्र सिंह (34) पुत्र शंकर सिंह व सोनू कुमार माली (29) पुत्र रतन लाल माली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रकरण की जांच सरवाड़ थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला व उषा यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थाना इंचार्ज लियाकत मोहम्मद, एएसआई रामाकिशन, हेड कांस्टेबल सुभाष, कांस्टेबल महेश व ओमसिंह ने अहम भूमिका निभाई है।


