केकड़ी, 20 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अग्रवाल समाज चौरासी के तत्वावधान में आगामी 24 जून 2026 को डिग्गी में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन चौरासी समाज के अध्यक्ष अनिल मित्तल की अध्यक्षता में संपन्न होगा। सामूहिक विवाह सम्मेलन के उपलक्ष में महिला मंडल द्वारा विशेष सांस्कृतिक व मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केकड़ी ब्लॉक अध्यक्ष विद्या जैन ने बताया कि इस अवसर पर बोहरा कॉलोनी स्थित संत भवन में मंगल गीत कार्यक्रम का आयोजन रखा गया। ब्लॉक मंत्री मधु सिंघल ने बताया कि इस कार्यक्रम में समाज की अनेक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक वैवाहिक व मांगलिक गीतों की प्रस्तुतियां दी, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय व आनंदित हो उठा। इस मौके पर अग्रवाल समाज चौरासी की संरक्षक इंदु मित्तल, अनीता रांटा, प्रमिला जैन सहित कई सदस्याएं उपस्थित रही।


