केकड़ी, 22 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सोमवार को नगर पालिका परिसर में आयोजित ‘शहरी सेवा शिविर‘ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया व अधिकारियों से आमजन को दिए जा रहे लाभों की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का मौके पर ही स्थाई समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना है। सभी विभाग आपसी समन्वय (कोऑर्डिनेशन) के साथ काम करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। केकड़ी पहुंचने पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मंत्री झाबर सिंह खर्रा का माल्यार्पण कर व राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा बंधवाकर आत्मीय स्वागत किया।

11 लाभार्थियों को बांटे पट्टे: ग्रामीण सेवा शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, शहर व कस्बों के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शहरी सेवा शिविर सरकार व जनता के बीच की दूरी कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। सरकार की मंशा है कि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन खुद चलकर जनता के द्वार आए। इस दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा व विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने हाथों से 11 लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया। बरसों से लंबित पट्टे पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस राहत के लिए सरकार व प्रशासन का आभार जताया।

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए दर्शाई प्रतिबद्धता: कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होने से जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने दोहराया कि वे क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य व आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, तहसीलदार बंटी राजपूत, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।


