केकड़ी, 23 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे और पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में सरवाड़ थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले की जांच भिनाय थाना पुलिस द्वारा की जा रही थी। इस मामले में अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त के परिवहन में इस्तेमाल हुई बोलेरो पिकअप गाड़ी के मालिक शिवलाल गुर्जर पुत्र भागचंद गुर्जर निवासी महादेव की ढाणी (नांद) थाना पुष्कर ने अपने भाई मुकेश गुर्जर को तस्करी के लिए वाहन उपलब्ध कराया था। घटना के बाद से ही आरोपी शिवलाल लगातार फरार चल रहा था व पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 5,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा: पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा वृत्ताधिकारी केकड़ी के सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार पीछा करते हुए आरोपी शिवलाल को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा के अलावा हैड कांस्टेबल नवल सिंह, कांस्टेबल महेश कुमार व ओम सिंह शामिल है।


