Homeशासन प्रशासनपंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं कल: 'जी-राम-जी' मिशन की मिलेगी जानकारी, पीएम...

पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं कल: ‘जी-राम-जी’ मिशन की मिलेगी जानकारी, पीएम आवास योजना की ड्राफ्ट सूची का होगा अनुमोदन

केकड़ी, 28 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में 29 जून (सोमवार) को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना की वरीयता सूची का सार्वजनिक वाचन व अनुमोदन किया जाएगा। पंचायत समिति केकड़ी के विकास अधिकारी शंकरलाल शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार व ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इन विशेष ग्राम सभाओं के सफल संचालन के लिए पंचायत समिति स्तर से सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने समस्त जनप्रतिनिधियों, वार्ड पंचों व ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे 29 जून को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सूची का अवलोकन करें व ग्राम विकास की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

125 दिवस के रोजगार की वैधानिक गारंटी: जी-राम-जीमिशन: विकास अधिकारी शर्मा ने बताया कि ग्राम सभाओं में 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले विकसित भारतगारंटी फॉर रोजगार व आजीविका मिशन (ग्रामीण)[VB-G RAM G] के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण परिवारों को रोजगार व आजीविका सुरक्षा देना, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, जल संवर्धन व बुनियादी ढांचे का विकास कर गांवों को आत्मनिर्भर बनाना ही मिशन का मुख्य उद्देश्य है। इस मिशन के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिवस तक अकुशल श्रम आधारित रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की जाएगी। बैठक में ग्रामीणों को पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया व सामाजिक अंकेक्षण की जानकारी भी मिलेगी।

पीएम आवास योजना की सूची का होगा वाचन, 7 दिन में कर सकेंगे अपील: विशेष ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस-2024 सर्वेके आधार पर तैयार PWL (प्रायोरिटी वेटिंग लिस्ट) ड्राफ्ट वरीयता सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्राम सभा से अनुमोदन लिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति ग्राम सभा के निर्णय से असहमत है, तो वह नियमानुसार 7 दिवस के भीतर जिला कलक्टर के समक्ष अपनी अपील प्रस्तुत कर सकेगा। प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी ग्राम विकास अधिकारियों व पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे आवास प्लस-2024 की ड्राफ्ट वरीयता सूची को ग्राम पंचायत कार्यालय के सूचना पट्ट सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहले से ही चस्पा करें, ताकि ग्रामीण इसका अवलोकन कर सकें। ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी के लिए मुनादी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES