केकड़ी, 29 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर में सोमवार को जिला स्तरीय भामाशाह व प्रेरक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) द्वारा केकड़ी ब्लॉक से भामाशाह के रूप में मोहनी देवी शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मोहनी देवी शर्मा की अनुपस्थिति में उनके पुत्र व शारीरिक शिक्षक कैलाश गौड़ ने समारोह में उपस्थित होकर माता की ओर से यह सम्मान, पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया। गौरतलब है कि भामाशाह मोहनी देवी शर्मा ने राजकीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक कार्यालय के नवीनीकरण कार्य में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया है।

शिक्षा विभाग के आला अधिकारी रहे मौजूद: इस जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. महावीर कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) गोविंद नारायण शर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) दर्शना शर्मा सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले जिले के अन्य कई भामाशाहों व प्रेरकों को भी सम्मानित किया गया।


