केकड़ी, 30 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संभावित केकड़ी यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु ने मंगलवार को केकड़ी दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हालांकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन 2 जुलाई के संभावित दौरे को देखते हुए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के ग्राम पंचायत अजगरा में वीबीरामजी योजना सहित देवली-केकड़ी-नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना के शिलान्यास तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण: केकड़ी दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने नगर पालिका पहुंचकर शहरी सेवा शिविर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया एवं संबंधित अधिकारियों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति व आवश्यक तैयारियों को लेकर चर्चा की तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा, अधिशासी अधिकारी केन्द्र प्रसाद शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन संभावित मुख्यमंत्री दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।


