केकड़ी, 02 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सराना थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में पिछले करीब ढाई साल से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी व वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में अंजाम दी गई।

पिकअप में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने का था प्रयास: पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी 2024 को रतनपुरा रोड स्थित सरहद केबानिया में एक जली हुई बिना नंबर की पिकअप ट्रॉली बरामद हुई थी। तस्करों ने अपनी पहचान छिपाने व साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से वाहन को आग लगा दी थी। तत्कालीन समय में पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 519 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया गया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट व साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

प्रॉडक्शन वारंट पर जेल से किया गिरफ्तार: पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को बोरखेड़ा भीलवाड़ा निवासी गोकुलसिंह (26) पुत्र मांगूसिंह की संलिप्तता का पता चला। आरोपी अन्य मामले में उप कारागृह झाडोल (उदयपुर) में निरुद्ध था, जहां से पुलिस ने माननीय न्यायालय से प्रॉडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से अवैध डोडा-पोस्त की खरीद-फरोख्त व तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा के अलावा कांस्टेबल रामनिवास, अरुण व अभिषेक शामिल रहे।

