केकड़ी, 16 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गौतस्करी में लिप्त एक कंटेनर को जब्त कर उसमें भरे 53 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया है। सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि फतेहगढ़ के जंगलों में तस्करों द्वारा कंटेनर में गोवंश भरा जा रहा है। इस दौरान सजग गौरक्षकों ने भी भनक लगते ही तस्करों के वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख और गौरक्षकों को पीछे आते देख तस्कर पुलिस व गौरक्षकों के पहुंचने से पहले ही वाहन को मौके पर ही छोड़कर जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गौतस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त कर लिया।

कंटेनर में बने हुए थे दो पार्टीशन: जब कंटेनर की तलाशी ली गई, तो उसमें तस्करों द्वारा क्रूरतापूर्वक डबल पार्टीशन (दो हिस्से) बनाकर कुल 53 गोवंश भरे हुए थे। पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित व सकुशल बाहर निकाला और उन्हें नंदी गौशाला सरवाड़ के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने फरार तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी थानाधिकारी रामपाल शर्मा, हेड कांस्टेबल मुश्ताक अहमद, कांस्टेबल शुभकरण व कांस्टेबल कमलेश शामिल रहे।


