केकड़ी, 16 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सद संस्कार सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 20 जुलाई को गीता भवन का 13वां वार्षिक पाटोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पाटोत्सव को लेकर तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। सद संस्कार सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय ने बताया कि पाटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 18 जुलाई से होगी। 18 जुलाई शनिवार को रात्रि 8:00 बजे गीता भवन में विश्वकर्मा मानस मंडल द्वारा सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अगले दिन 19 जुलाई रविवार को रात्रि 8:00 बजे श्री विष्णु सहस्रनाम स्तोत्र व शिव महिम्न स्तोत्र का सामूहिक पाठ आयोजित किया जाएगा।

स्वामी जगदीश पुरी महाराज का मिलेगा सानिध्य: पाटोत्सव के मुख्य दिन 20 जुलाई सोमवार को प्रातः 8:30 बजे से परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश पुरी महाराज के पावन सानिध्य में मुख्य समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के तहत प्रातः 8:30 बजे स्वामी जी का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा। इसके पश्चात स्वामी जी उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचनों से लाभान्वित करेंगे। आशीर्वचन के बाद मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। तत्पश्चात महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश पुरी जी महाराज के कर-कमलों द्वारा मंदिर के शिखर कलश पर मंत्रोच्चार के साथ नवीन ध्वजा का आरोहण किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण कर समारोह का समापन होगा।


