केकड़ी, 22 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमानवीय तरीके से कंटेनर में ठूंसकर ले जाए जा रहे 38 गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भगवानपुरा रोड से गौवंश से भरा एक कंटेनर सरवाड़ की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत सीएचसी सरवाड़ के सामने नाकाबंदी कर कंटेनर को रुकवाकर तलाशी ली।

ठूंस-ठूंस कर भरा था गोवंश: कंटेनर खोलने पर उसमें 2 बैल व 36 बछड़े अत्यंत क्रूरतापूर्ण व अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपी गौवंश के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके। पुलिस ने सभी 38 गौवंश को कंटेनर से सुरक्षित बाहर निकालकर उनका पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद सभी गौवंश को नंदी गोशाला सरवाड़ में नियमानुसार सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों अजरुद्दीन बंजारा, तैयब व वाहिद (तीनों निवासी इस्लामपुरा, थाना डिग्गी, जिला टोंक) को गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू: आरोपियों के खिलाफ राजस्थान गौवंशीय पशु अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल जितेंद्र, बाबूदान व चालक कांस्टेबल मूलाराम की सराहनीय भूमिका रही।


