केकड़ी, 24 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां राजपुरा रोड स्थित कंचन कॉलोनी निवासी मोइनुद्दीन रंगरेज व संजीदा बानो के दो होनहार पुत्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिवार के बड़े पुत्र आफाक रंगरेज का चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान IISER (Indian Institutes of Science Education and Research) भोपाल में फिजिक्स (अंतरिक्ष विज्ञान) विषय में इंटीग्रेटेड पीएचडी (iPhD) के लिए हुआ है। वहीं उनके छोटे भाई दानिश रंगरेज देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान IISER मोहाली से BS-MS (इंटीग्रेटेड मास्टर डिग्री) की पढ़ाई कर रहे हैं।

शिक्षा व रिसर्च क्षेत्र में बनी पहचान: एक ही परिवार के दो भाइयों का देश के अग्रिम वैज्ञानिक संस्थानों में चयन होने पर परिजनों व क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों व स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आफाक रंगरेज व दानिश रंगरेज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिजनों के त्याग व गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने बताया कि वे भविष्य में विज्ञान व अनुसंधान (रिसर्च) के क्षेत्र में कार्य करते हुए देश की सेवा करना चाहते हैं।


