Homeक्राइम न्यूजकृषि कुओं से मोटर व केबल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश,...

कृषि कुओं से मोटर व केबल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, ईको कार सहित 4 अभियुक्त गिरफ्तार

केकड़ी, 03 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सराना थाना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कृषि कुओं से मोटर पंप व विद्युत केबल चोरी करने वाली गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरीशुदा पानी के मोटर पंप, विद्युत केबल व वारदात में प्रयुक्त ईको कार बरामद की है। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकट पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम व चोरी के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

यह था मामला: सराना थानाधिकारी नाहरसिंह ने बताया कि गत 29 जुलाई 2026 को ग्राम कल्याणपुरा व केबानियां के किसानों ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जुलाई की रात्रि में अज्ञात चोरों ने उनके कृषि कुओं से पानी के मोटर पंप व विद्युत केबल चोरी कर लिए हैं। इस पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया तथा घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा सतत निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।

सूने कुओं को बनाते थे निशाना: पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महेन्द्र कालबेलिया (23) पुत्र मांगीलाल निवासी कल्याणपुरा, नरसी रेबारी (30) पुत्र कालूराम निवासी केबानियां, मांगीलाल उर्फ मोड़ा कालबेलिया (20) पुत्र भोपानाथ निवासी केबानियां एवं महावीर कालबेलिया (20) पुत्र मांगीलाल निवासी कल्याणपुरा को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व नियोजित योजना के तहत रात में सुनसान कृषि क्षेत्रों में स्थित कुओं को निशाना बनाते थे और ईको कार से सामान चुराकर फरार हो जाते थे। इस कार्रवाई में थानाधिकारी नाहरसिंह, हेड कांस्टेबल मनीष, कांस्टेबल रामनिवास, अरुण व शंकर ने अहम भूमिका निभाई है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

RELATED ARTICLES