केकड़ी, 05 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को कोटा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस से बचने के लिए कोटा में पहचान छिपाकर एक हॉस्टल में वार्डन के रूप में काम कर रहा था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को केकड़ी सदर थाना पुलिस ने काचरिया के पास नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 20.135 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर तीन आरोपियों शिशुपाल गुर्जर, सुनील धाकड़ व जयलाल भील को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच सरवाड़ थानाधिकारी के जिम्मे की गई थी। पूछताछ व सीडीआर विश्लेषण में सामने आया कि यह मादक पदार्थ अजय कुमार उर्फ अज्जू राव (26) पुत्र शांतिलाल निवासी रायता थाना बेगूं (चित्तौड़गढ़) से खरीदा गया था।

तकनीक से मिली सफलता: तकनीकी अनुसंधान एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अजय कुमार कोटा में पहचान छिपाकर हॉस्टल वार्डन का काम कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने कोचिंग छात्र बनकर कमरे की तलाश के बहाने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी अजय कुमार पहले से ही मादक पदार्थ तस्करी में सक्रिय है और उसके खिलाफ पारसोली थाना (चित्तौड़गढ़) में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले अदालत में विचाराधीन हैं।

पूछताछ जारी: पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 व बीएनएस की धारा 111(3) व 111(4) के तहत गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में आरोपी से मादक पदार्थ के नेटवर्क, मुख्य सप्लायर व अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई कजोड़मल, कांस्टेबल दातार सिंह, हरिराम, शुभकरण व बाबूदान ने अहम भूमिका निभाई है।


