Homeशासन प्रशासनसीएलजी बैठक में आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर चर्चा, साइबर सुरक्षा व...

सीएलजी बैठक में आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर चर्चा, साइबर सुरक्षा व महिला सुरक्षा पर दिया जोर

केकड़ी, 11 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना परिसर में मंगलवार को कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत सीएलजी (सिटीजन लाइजन ग्रुप) सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा की अध्यक्षता व शहर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद चौधरी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में आगामी राष्ट्रीय पर्व, धार्मिक आयोजनों, कानून-व्यवस्था तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। स्वतंत्रता दिवस व कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर मंथन: बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा श्रावण मास के तहत निकलने वाली कांवड़ यात्राओं एवं धार्मिक जुलूसों के दौरान शांति व सौहार्द बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने सीएलजी सदस्यों से अपील की कि वे क्षेत्र में भाईचारा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया गया।

साइबर फ्रॉड से बचाव और हेल्पलाइन 1930 की जानकारी: बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए डीएसपी हर्षित शर्मा ने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, ओटीपी (OTP), या फर्जी लिंक के झांसे में न आएं। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो वे बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते ठगी की राशि को होल्ड कराया जा सके। महिला सुरक्षा और सुरक्षा सखी नेटवर्क पर बल: महिला सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा करते हुए थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मनचलों व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बैठक में मौजूद सुरक्षा सखियोंको अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करने तथा किसी भी अप्रिय घटना या परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

केकड़ी: बैठक में मौजूद सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक व सुरक्षा सखी।

सीएलजी की नवीन सूची से कराया अवगत: बैठक के दौरान पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने सीएलजी की नवीन पुनर्गठित सूची में शामिल सदस्यों के नामों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नए दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए बताया कि नए नियमों के अनुसार अब राजनीतिक दलों से संबद्ध व्यक्तियों को भी सीएलजी सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है, जिससे समाज के हर वर्ग और प्रतिनिधि का सहयोग पुलिसिंग में लिया जा सके। बैठक में ये रहे मौजूद: इस मौके पर मोहम्मद सईद नकवी, गोपीचंद चौधरी, राजेंद्र चौधरी, विनोद विजय, इंसाफ अली सोरगर, विनय पांड्या, मनोज कुमावत, दशरथ जाट, धनराज कच्छावा, रामप्रसाद शर्मा, शैतान तारावत, खुशपाल गुर्जर, श्रवण साहू, संजय बेनीवाल, महेश बोयत, धनराज चौधरी, मदन चौधरी, चित्रा व्यास, अनिता राठी, राजेश मेहरचंदानी व एडवोकेट रोडूमल सोलंकी सहित विभिन्न ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य, पुलिस अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES