Homeक्राइम न्यूजशिक्षक पर अश्लील हरकतों का आरोप: छात्राओं का जोरदार प्रदर्शन, सड़क जाम...

शिक्षक पर अश्लील हरकतों का आरोप: छात्राओं का जोरदार प्रदर्शन, सड़क जाम कर की कार्रवाई की मांग, प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन

केकड़ी, 12 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती बघेरा स्थित राजकीय सीनियर विद्यालय में गणित शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ कथित अश्लील हरकतें करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक को निलंबित करने की मांग को लेकर छात्राओं व ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, तहसीलदार सत्यनारायण लोहार, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद चौधरी व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।

केकड़ी: बघेरा में सड़क जाम कर प्रदर्शन करती छात्राएं।

उचित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन: छात्राओं और शिक्षिकाओं का आरोप है कि उक्त शिक्षक द्वारा लंबे समय से अनुचित व्यवहार किया जा रहा था। पीड़ित छात्राओं की संख्या लगभग दो दर्जन बताई जा रही है। काफी समय तक सहने के बाद जब स्थिति असहनीय हो गई, तो छात्राओं को विरोध में उतरना पड़ा। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों व छात्राओं ने जाम हटाया। प्रशासन ने विद्यालय के प्रिंसिपल सहित आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से एपीओ (आदेशों की प्रतीक्षा में) करने तथा छात्राओं की लिखित शिकायत पर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

RELATED ARTICLES