Homeक्राइम न्यूजहक की लड़ाई में कानून हाथ में लेना पड़ा भारी: मुआवजे की...

हक की लड़ाई में कानून हाथ में लेना पड़ा भारी: मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम करने पर 15 नामजद सहित 10-15 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज

केकड़ी, 16 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर राजकीय जिला चिकित्सालय के बाहर अजमेर-कोटा-केकड़ी स्टेट हाईवे पर जाम लगाने के मामले में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने 15 नामजद व्यक्तियों सहित 10-15 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 189(3), 189(5) एवं 285 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को भांडावास के निकट हुई दुर्घटना में घायल प्रधान गुर्जर पुत्र जयलाल गुर्जर निवासी घटियाली की राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

आवागमन हुआ प्रभावित: 14 अगस्त 2026 शुक्रवार को मृतक के परिजनों के साथ आए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जिला चिकित्सालय के बाहर अजमेर-कोटा-केकड़ी स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर केकड़ी शहर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मौके पर करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ जमा थी और दोनों तरफ से हाईवे का रास्ता रोक दिया गया था। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी सड़क दुर्घटना में मृत प्रधान गुर्जर के परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

दो घंटे बाद सुचारू हुआ यातायात: पुलिस एवं प्रशासन की ओर से कई बार समझाइश कर जाम खोलने के लिए कहा गया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजा मिलने का आश्वासन मिलने के बाद ही जाम खोलने पर अड़े रहे। करीब दो से तीन घंटे बाद आश्वासन मिलने पर हाईवे से जाम हटाया गया। पुलिस के मुताबिक बार-बार समझाइश एवं बिखरने के आदेश के बावजूद कुछ लोग मौके से नहीं हटे। घटनाक्रम की पुलिस द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी करवाई गई। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों एवं अन्य लोगों की मदद से प्रदर्शन में शामिल व्यक्तियों की पहचान की गई है। वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी का अवलोकन कर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जाएगी।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा: पुलिस ने मामले में मस्तराम गुर्जर निवासी घटियाली, रामावतार वैष्णव निवासी घटियाली, कुनाल उर्फ दीपू वैष्णव पुत्र रामप्रसाद निवासी घटियाली, शंकर गुर्जर निवासी घटियाली, धर्मराज गुर्जर निवासी घटियाली, नमन शर्मा निवासी घटियाली, नंदलाल उर्फ नंदा गुर्जर पुत्र रामप्रसाद, रामनिवास गुर्जर पुत्र बोझाराम गुर्जर निवासी गणेशपुरा, अशोक पुत्र नाथू गुर्जर निवासी घटियाली, प्रधान पुत्र सौदान गुर्जर निवासी नाड़ी, विजय शर्मा पुत्र सत्यनारायण निवासी घटियाली, शैतान गुर्जर निवासी उकारपुरा, शिवराज गुर्जर निवासी उकारपुरा, गणेश गुर्जर निवासी जसवंतपुरा तथा शिशुपाल गुर्जर निवासी रामपाली सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक घनश्याम खन्ना को सौंपी गई है।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES