केकड़ी, 16 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पवित्र सावन मास के अवसर पर अजमेर रोड स्थित भाग्योदय नगर के श्री भाग्योदयेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को भव्य सहस्त्रधारा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति व धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव‘ व ‘बम-बम भोले‘ के जयकारों से गूंजता रहा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर विजयवर्गीय ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत प्रातः 9 बजे पण्डिताचार्य रामचरण शास्त्री के नेतृत्व में विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार व धार्मिक पूजन-अनुष्ठान से हुई।

सहस्त्रधारा जलाभिषेक: पूजन-अनुष्ठान में पांच दंपतियों ने यजमान के रूप में पूजा-अर्चना संपन्न कराई। सुबह 11:30 बजे से श्रद्धालुओं ने दूध, दही, पंचामृत व अन्य पवित्र द्रव्यों से भगवान भोलेनाथ का भव्य सहस्त्रधारा जलाभिषेक किया। दोपहर बाद शिवलिंग का रंग-बिरंगे व सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात विधिवत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लेकर आशीर्वाद लिया।

इन्होंने किया सहयोग: आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के महावीर शर्मा, कैलाश मीणा, रामधन प्रजापति, रामराज जांगिड़, दिनेश वैष्णव, हेमलता जांगिड़, बेनाथ चौधरी, शंकर लाल धाकड़, रामस्वरूप चौधरी, लोकेश चौहान, शंभू देवी सेन व देवकरण चौधरी सहित सभी कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। समिति ने सफल समापन पर सभी यजमानों, श्रद्धालुओं व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


