केकड़ी, 17 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केकड़ी खंड के विभिन्न मंडलों में युवा आधारित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में सरसड़ी ग्राम में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के कबड्डी मुकाबलों में पुरुष व महिला दोनों वर्गों में सरसड़ी की टीम विजेता रही। इसके अलावा रस्साकसी के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार टीम भावना व दमखम का प्रदर्शन किया। उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेलों से बढ़ती नेतृत्व क्षमता: समारोह में मुख्य वक्ता केकड़ी-सावर खंड प्रचारक तुषार द्विशह ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास व संगठन भावना का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित खेल गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। युवा खेल स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता व खेल भावना को मजबूत करना है। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







