Homeविधिक सेवाकेकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग: 28 को निकलेगी जन जागरण...

केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग: 28 को निकलेगी जन जागरण रैली, संघर्ष समिति ने बनाई रणनीति

केकड़ी, 19 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी को पुनः जिला बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए मंगलवार को संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने धरना स्थल पर बैठक आयोजित कर आगामी आंदोलन की रूपरेखा निर्धारित की। संघर्ष समिति के संयोजक लक्ष्मीचंद मीणा ने बताया कि केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग अब केवल अधिवक्ताओं का मुद्दा नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की जनभावना का विषय बन चुका है। उन्होंने बताया कि आगामी 28 तारीख को जन जागरण रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से आमजन को जिला बहाली के आंदोलन से जोड़ते हुए सरकार पर जनदबाव बनाया जाएगा। जन जागरण रैली को सफल बनाने के लिए अधिवक्ताओं व संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने व्यापक जनसंपर्क करने का निर्णय लिया।

आमजन की सुविधा से जुड़ा है मुद्दा: धरना स्थल पर मौजूद अधिवक्ताओं ने कहा कि केकड़ी को जिला बनाए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक, न्यायिक व अन्य सरकारी सेवाओं के लिए बड़ी राहत मिली थी। जिला समाप्त किए जाने के बाद आमजन को पुनः दूर-दराज के जिला मुख्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में जिला बहाली क्षेत्र के विकास व आमजन की सुविधा से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत जैन, निवर्तमान अध्यक्ष मनोज आहूजा, पूर्व अध्यक्ष राम अवतार मीणा, एडवोकेट शिव प्रताप सिंह राठौड़, बार सचिव समकित जैन, एडवोकेट निरंजन चौधरी, एडवोकेट सीताराम गुप्ता, एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह राठौड़, एडवोकेट रोड़ूमल सोलंकी, एडवोकेट राजू चौधरी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES