केकड़ी, 20 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जोधपुर के नियंत्रक (वित्त) एवं कुलसचिव सोहन लाल नागौरा ने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के नवीन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया व पाई गई कमियों को जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवीन कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

वर्तमान भवन का भी किया दौरा: इसके पश्चात कुलसचिव ने वर्तमान में संचालित महाविद्यालय परिसर का दौरा कर शिक्षण-प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा संबद्ध चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान कुलसचिव के निजी सहायक गजेंद्र सिंह भी साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. पुनीत आर. शाह ने कुलसचिव नागौरा का स्वागत व अगवानी की।

