केकड़ी, 20 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुलगांव स्थित त्रिवेणी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र में श्रावण मास व ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 51 आयुर्वेद औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य भूपेंद्र सिंह फौजदार व एम.एल.डी. संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान परिसर में कांचनार, हरिद्रा, अर्जुन, बिल्व, तुलसी, नीम, गिलोय, हड़जोड़, सुदर्शन, गुड़हल, खदिर, अशोक, आंवला, एलोवेरा, आम, नींबू व अश्वगंधा सहित विभिन्न प्रकार के 51 औषधीय एवं उपयोगी पौधे लगाए गए। एम.एल.डी. संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे ने कहा कि औषधीय पौधे आयुर्वेद की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक रूप से समाज से जोड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का आह्वान किया।

प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक: प्राचार्य भूपेंद्र सिंह फौजदार ने कहा कि श्रावण मास प्रकृति से जुड़ा विशेष महीना है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के जरिए लगाए गए पौधे मां के प्रति सम्मान व प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में विकसित की जा रही औषधीय वाटिका आयुर्वेद विद्यार्थियों को पौधों की पहचान व उनके गुणों को समझने में व्यावहारिक रूप से सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प लिया।


