केकड़ी, 21 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका के आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला महामंत्री व चुनाव प्रभारी सुभाष वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी को भारी बहुमत से विजय दिलाने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव प्रभारी सुभाष वर्मा ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में टिकट के कई दावेदार हो सकते हैं, लेकिन टिकट किसी एक प्रत्याशी को ही मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्याशी चाहे जो भी हो, सभी को एकजुट होकर पार्टी और कमल के निशान को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा। बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों से दावेदारी जताने वाले कार्यकर्ताओं से आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिनमें कुल 52 आवेदन आए।

स्थानीय नेताओं ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश: बैठक में जिला उपाध्यक्ष अमित भंसाली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें। कार्यक्रम को वरिष्ठ भाजपा नेता रामदेव माली, जिला प्रवक्ता सत्यनारायण चौधरी व पूर्व विधायक गोपाल धोबी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व में नियुक्त वार्ड पर्यवेक्षकों ने अपनी-अपनी सर्वे रिपोर्ट से प्रभारी को अवगत कराया। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत ने किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता रामकिशन गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र चौधरी व युवा मोर्चा जिला महामंत्री देवव्रत सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


