केकड़ी, 21 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर उपखंड क्षेत्र की गुलगांव ग्राम पंचायत में पट्टों के आवंटन में धांधली और अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के पंचायत समिति सदस्य (वार्ड संख्या 14) रविंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार शाम 4 बजे गांव स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। इस घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पंचायत समिति सदस्य रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि गुलगांव ग्राम पंचायत के तत्कालीन सरपंच और सचिव ने 6 फरवरी 2013 को जलदाय विभाग की टंकी व पंप हाउस की सरकारी भूमि पर कंचन देवी और मीरा देवी के नाम फर्जी पट्टे जारी कर दिए थे। हद तो तब हो गई जब वर्तमान सरपंच व सचिव ने 5 मार्च 2024 को इन अवैध पट्टों का नवीनीकरण भी कर दिया, जबकि सितंबर 2023 तक मौके पर जलदाय विभाग की टंकी और पंप हाउस स्थित था।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर उठाया कदम: रविंद्र सिंह का कहना है कि मौके पर अवैध पट्टों के आधार पर पक्का निर्माण और अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने 27 नवंबर 2025 को मुख्य अभियंता, जलदाय विभाग को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विवश होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उनकी मांग है कि फर्जी और अवैध पट्टों को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए। फर्जीवाड़ा करने वाले तत्कालीन व वर्तमान सरपंच तथा सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा मौके पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाकर भूमि को पुनः जलदाय विभाग को सुपुर्द किया जाए।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, समझाइश का दौर जारी: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई सहित पुलिस अमला रविंद्र प्रताप सिंह को टंकी से नीचे उतारने और मांगों पर सहमति बनाने के लिए समझाइश के प्रयास में जुटा रहा। समाचार लिखे जाने तक उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, सदर थानाधिकारी मुकेश चौधरी आदि समझाइश कर रहे है। फिलहाल प्रकरण का कोई निस्तारण नहीं हुआ है।


