केकड़ी, 22 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति को मजबूत करने के लिए कल रविवार को भारतीय जनता पार्टी का एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12:15 बजे अजमेर रोड स्थित पुराने स्वास्तिक हॉस्पिटल भवन (टैगोर कॉलेज के पास) में आयोजित इस सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ नगर पालिका चुनाव के लिए दावेदारी पेश करने वाले संभावित प्रत्याशी भी भाग लेंगे।

चुनाव की कार्ययोजना पर किया जाएगा मंथन: विधायक शत्रुघ्न गौतम के निजी सचिव अश्विनी शर्मा ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में विधायक शत्रुघ्न गौतम, जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, प्रदेश स्तर के प्रभारी कृष्ण मोहन शर्मा, मुख्य वक्ता राजेंद्र रावत, जिला प्रभारी सुभाष वर्मा, नरेंद्र सिंह रावत और गोपाल गुर्जर सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस अवसर पर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा।


