केकड़ी, 23 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जन समर्पण सोशल फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को राजकीय अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारियों व समाजसेवियों ने मरीजों का हाल-चाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार चौधरी (पटेल) की ओर से मरीजों को फल बांटे गए। फाउंडेशन के उपाध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत पहुंचाने और उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार की भावना से यह पहल की गई है।

वर्षों से जारी हैं सामाजिक गतिविधियां: फाउंडेशन के अध्यक्ष पूरणमल वर्मा ने कहा कि संगठन विगत कई वर्षों से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सामाजिक और सेवा कार्य करता आ रहा है। आगे भी इस तरह के जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर विकास टेलर, गोपाल लाल ढोली, अनिल सेन, संजय तारावत, श्रीराम सोनी, जयंत खर्रा, मुकेश मीणा व राजू भूरेटा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

