Homeक्राइम न्यूजबस में चढ़ते वक्त बुजुर्ग महिला के गले से झपटे 3 सोने...

बस में चढ़ते वक्त बुजुर्ग महिला के गले से झपटे 3 सोने के मांदलिए, थप्पड़ खाने के बाद भी उचक्का रफूचक्कर

केकड़ी, 27 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बस में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात उचक्के ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने के तीन मांदलिए तोड़ लिए। हिम्मत दिखाते हुए बुजुर्ग महिला ने तुरंत उचक्के को थप्पड़ भी जड़ा, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया। घटना को लेकर सलारी निवासी किशन गुर्जर ने केकड़ी शहर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में​ किशन ने बताया कि उसकी मां पांची देवी गुर्जर पत्नी छीतर गुर्जर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए अपने पीहर गोवर्धनपुरा (कम्पू) जा रही थीं। यात्रा के दौरान रावतभाटा से ब्यावर (वाया नागोला) चलने वाली रोडवेज बस में चढ़ते समय यात्रियों की भारी भीड़ थी। इसी गहमागहमी के बीच किसी अज्ञात उचक्के ने पांची देवी के गले पर हाथ साफ करते हुए तीन सोने के मांदलिए तोड़ लिए।

बुजुर्ग महिला ने दिखाई हिम्मत: गले से मांदलिए तोड़ते ही पांची देवी को अहसास हो गया व उन्होंने तत्परता दिखाते हुए आरोपी उचक्के को मौके पर ही एक थप्पड़ जड़ दिया। लेकिन स्टैंड पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने के कारण आरोपी देखते ही देखते ओझल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान व तलाश के लिए बस स्टैंड क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

RELATED ARTICLES