केकड़ी, 27 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे मेमोरियल संस्थान में लंबे समय से समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे कार्मिकों के सम्मान में गुरुवार को उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चन्द्रप्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे, अनिरूद्ध दुबे, विशिष्ट अतिथि वैद्य राजेश शर्मा, प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा व ब्रह्मानंद शर्मा ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। समारोह में संस्थान में 10 वर्ष या उससे अधिक समय से निरंतर सेवाएं दे रहे कार्मिकों को माल्यार्पण, साफा, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

ये हुए सम्मानित: समारोह में डॉ. रामलाल वर्मा को 28 वर्ष, ब्रह्मानंद शर्मा को 23 वर्ष, कमलेश शर्मा को 19 वर्ष, रामरतन चौधरी व जड़ाव देवी शर्मा को 16 वर्ष, माधुलाल माली को 15 वर्ष, मुरलीधर बारेठ व विमला देवी को 14 वर्ष, सम्पत चौकीदार को 13 वर्ष, कौशल्या देवी को 12 वर्ष एवं राजेन्द्र शर्मा, गजराज मीणा व भंवरलाल पाराशर को 10 वर्ष से निरंतर सेवाएं देने के लिए सम्मानित किया गया।

निष्ठा से कार्य करने के लिए किया प्रेरित: संस्थान के सचिव चन्द्रप्रकाश दुबे ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक सफलता वर्षों से जुड़े समर्पित कार्मिकों की मेहनत व निष्ठा से सुनिश्चित होती है। निदेशक डॉ. अविनाश दुबे ने सम्मानित कार्मिकों के अनुभव को संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी बताया, वहीं अनिरूद्ध दुबे ने सभी के योगदान की सराहना की। समारोह में दीर्घ कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा व ब्रह्मानंद शर्मा ने सभी को निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। समारोह का संचालन प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने किया।


