Homeराजनीतिभाजपा में शामिल होने के 48 घंटे बाद पूर्व पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू...

भाजपा में शामिल होने के 48 घंटे बाद पूर्व पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू का यू-टर्न! बोले- दबाव में कराया था शामिल, मैं अब भी कांग्रेस के साथ

केकड़ी, 28 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी की राजनीति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के महज दो दिन बाद पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू के एक बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें दबाव व धमकी देकर भाजपा में शामिल कराया गया। उन्होंने कहा कि वे लगातार कांग्रेस के सदस्य हैं और आगे भी कांग्रेस परिवार के सदस्य बने रहेंगे। साहू ने वीडियो में कहा कि 26 अगस्त को उन्हें दबाव बनाकर और धमकी देकर भाजपा में शामिल कराया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय उनकी स्वेच्छा से नहीं था। उनके इस बयान के बाद स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मैं लगातार कांग्रेस का सदस्य हूं: पूर्व पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने अभी तक कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया है तथा वे लगातार कांग्रेस के सदस्य हैं और भविष्य में भी कांग्रेस परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से भाजपा का मंच साझा करने के लिए माफी भी मांगी। साहू के अनुसार हाल ही में भाजपा में शामिल होने के दौरान उन्होंने भाजपा का मंच साझा किया था। अब सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।

भाजपा में शामिल होने के दो दिन बाद बदला रुख: गौरतलब है कि कमलेश साहू ने 26 अगस्त को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके दो दिन बाद जारी उनके वीडियो ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उनके इस बयान को आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले केकड़ी की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि साहू द्वारा लगाए गए दबाव और धमकी के आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पूरे मामले में दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES