केकड़ी, 28 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जन-जन की आस्था के केंद्र खाटू श्याम मंदिर पोकी नाड़ी बालाजी परिसर में श्रावण मास के प्रारंभ से चल रहे अखंड रामायण पाठ का समापन शनिवार को होगा। श्याम प्रेमी सेवा समिति के अध्यक्ष चंचल कुमार चौकड़ीवाल एवं पोकी नाड़ी बालाजी विकास समिति के अध्यक्ष जसराज जाट ने बताया कि पूरे श्रावण मास में करीब 25 भक्तों द्वारा अखंड रूप से रामायण पाठ किया जा रहा है। समापन अवसर पर पूर्णाहुति यज्ञ का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 5 बजे बाबा को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

जन्माष्टमी पर होंगे विविध आयोजन: उन्होंने बताया कि आगामी 4 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव पोकी नाड़ी बालाजी विकास समिति एवं श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस दौरान प्राकृतिक थीम पर आकर्षक साज-सज्जा, राधा-कृष्ण रास, सजीव झांकियां, विद्युत सजावट तथा सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजनों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। जन्माष्टमी पर बाबा सहित देवी-देवताओं का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा बाबा की पावन ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। राधा बनो प्रतियोगिता भी आयोजित होगी और विजेताओं को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। मंदिर के तीनों प्रमुख शिखरों पर ध्वजा परिवर्तन भी किया जाएगा।


