केकड़ी, 29 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बोहरा कॉलोनी स्थित नेमीनाथ मंदिर में रक्षाबंधन का पर्व धार्मिक श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आर्यिका सुरम्यमति माताजी के पावन सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में समाजबंधुओं सहित बाहर से आए श्रद्धालुओं ने आर्यिका संघ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त किया। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा। समाज के लोगों ने गुरु मां एवं आर्यिका संघ के दर्शन कर पर्व की मंगलकामनाएं प्राप्त कीं। संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज की छोटी-छोटी बेटियों ने भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह को दर्शाती सुंदर प्रस्तुति के साथ मंगलाचरण किया। नन्हीं बालिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

नाटिका का किया सजीव मंचन: शांतिनाथ बहू मंडल की ओर से “रक्षा का पर्व—रक्षाबंधन” नाटिका का मंचन किया गया। नाटिका के माध्यम से जैन धर्म में वर्णित मुनि विष्णु कुमार द्वारा आचार्य अकंपन एवं 700 मुनियों पर आए उपसर्ग को दूर करने की प्रेरणादायी घटना का सजीव चित्रण किया गया। नाटिका के मंचन के दौरान कलाकारों ने अपनी प्रभावी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, त्याग और रक्षा की भावना से ओतप्रोत कर दिया। इस दौरान दर्शकों ने भावविभोर होकर प्रस्तुति का आनंद लिया। नाटिका में विद्या जैन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन संघस्थ ब्रह्मचारिणी कनक दीदी ने किया।


