Homeक्राइम न्यूजताले तोड़कर सूने मकान में घुसे चोर, ढाई लाख नकदी सहित लाखों...

ताले तोड़कर सूने मकान में घुसे चोर, ढाई लाख नकदी सहित लाखों के जेवरात किए पार

केकड़ी, 30 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर की मास्टर कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ढाई लाख रुपए की नकदी सहित लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात का पता शनिवार शाम मकान मालिक के परिवार सहित पैतृक गांव से वापस लौटने पर चला। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मकान मालिक भगवान सिंह राठौड़ ने शहर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि शुक्रवार को वह अपने परिवारजनों के साथ पैतृक गांव देवगांव गए हुए थे। शनिवार शाम वापस घर पहुंचने पर मकान के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।

घटनास्थल का किया निरीक्षण: भगवान सिंह ने बताया कि घर को संभालने पर करीब ढाई लाख रुपए की नकदी, लगभग साढ़े पांच तोला सोने तथा करीब पाव भर चांदी के आभूषण गायब मिले। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि चोर मकान के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाने के एएसआई संपतराज मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के क्षेत्र में भी पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य संभावित माध्यमों से जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES