केकड़ी, 09 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के लिए बुधवार को हुए मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने पूरे शहर में सक्रियता बनाए रखी। भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम ने नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में बनाए गए मतदान केन्द्रों का दौरा किया और विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने तथा पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी मजबूती से जुटे रहने का आह्वान किया। विधायक गौतम ने मतदान के दौरान शहर के प्राचीन चारभुजा मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने भगवान चारभुजानाथ के समक्ष पूजा-अर्चना कर केकड़ी में भाजपा का बोर्ड बनने की मंगल कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से मतदान को लेकर फीडबैक लिया।

पूरे दिन बनी रही चुनावी सरगर्मी: इधर कांग्रेस की चुनावी कमान संभाल रहे पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल भी पूरे दिन सक्रिय नजर आए। मित्तल ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 40 वार्डों का दौरा किया और मतदान केन्द्रों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान के अंतिम समय तक पूरी सक्रियता के साथ जुटे रहने और अधिकाधिक मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने की अपील की। दोनों प्रमुख दलों के नेताओं के लगातार वार्डवार दौरों के चलते मतदान के दौरान शहर में चुनावी सरगर्मी बनी रही। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिए। मतदान सम्पन्न होने के बाद अब दोनों ही दल अपने-अपने पक्ष में मतदान होने का दावा करते हुए चुनाव परिणाम को लेकर आकलन में जुट गए हैं।


