Homeराजनीतिशहरी सरकार के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न, 78.04 प्रतिशत हुआ मतदान, मतदाताओं...

शहरी सरकार के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न, 78.04 प्रतिशत हुआ मतदान, मतदाताओं में दिखा जबरदस्त जोश, युवाओं-महिलाओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान

केकड़ी, 09 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार को हुए मतदान में केकड़ी वासियों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो मतदान समाप्ति तक बनी रहीं। नगर पालिका चुनाव में कुल 80 प्रतिशत मतदान हुआ। युवा वर्ग के साथ महिलाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कई मतदान केन्द्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। मतदान सम्पन्न होने के साथ ही केकड़ी नगर पालिका के 40 वार्डों में पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे 99 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए कुल 42 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के 40-40 प्रत्याशी, आरएलपी के 6 तथा 13 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।

केकड़ी: मतदाताओं से मिलते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

78.04 प्रतिशत हुआ मतदान: केकड़ी नगर पालिका के लिए बुधवार को हुए मतदान में कुल 78.04 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 35 हजार 829 मतदाता हैं, जिनमें 17 हजार 844 पुरुष, 17 हजार 984 महिला एवं एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। इनमें से 27960 मतदाताओं ने मतदान किया। वार्डवार मतदान प्रतिशत में भी खासा अंतर देखने को मिला। सबसे अधिक मतदान वार्ड संख्या 18 में हुआ। यहां कुल 901 मतदाताओं में से 857 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 95.12 प्रतिशत रहा। वहीं सबसे कम मतदान वार्ड संख्या 03 में हुआ। यहां कुल 1501 मतदाताओं में से 956 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 63.69 प्रतिशत रहा।

केकड़ी: मतदान केन्द्र पर लगी पुरूषों की कतार।

सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर रही चहल-पहल: सुबह सात बजते ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या भी बढ़ती गई। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अधिकाधिक मतदान कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। खासकर युवा, महिलाएं और पहली बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी पीछे नहीं रहे। शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर बुजुर्ग मतदाता परिजनों की सहायता से मतदान करने पहुंचे। वहीं दिव्यांग मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच: केकड़ी में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। वहीं कुछ वार्डों में आरएलपी ने भी सशक्त प्रत्याशी मैदान में उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय और रोचक बना दिया है। मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही मतदान करवाने में जुटे कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की।

केकड़ी: मतदान केन्द्र के बाहर जमा भीड़।

ईवीएम में तकनीकी खराबी, कुछ देर रुका मतदान: देवगांव गेट स्थित दिगम्बर जैन विद्यालय के मतदान केन्द्र पर दोपहर बाद ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने से कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मशीन को सुचारू कराया। इसके बाद मतदान पुनः शुरू हो गया।

केकड़ी: मतदान केन्द्र पर मौजूद पुलिस अधिकारी।

अधिकारियों ने किया मतदान केन्द्रों का दौरा: शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी पूरे दिन सक्रिय रहे। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों की पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, तहसीलदार सत्यनारायण लोहार सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस जाप्ते के साथ लगातार पेट्रोलिंग कर मतदान की स्थिति पर नजर बनाए रखी।

केकड़ी: मतदान के लिए व्हील चेयर पर बैठकर जाते बुजुर्ग व दिव्यांगजन।

ईवीएम मशीनें कड़ी सुरक्षा में जमा: मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को अजमेर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए संग्रहण केन्द्र पर जमा कराया गया। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई की निगरानी में विभिन्न मतदान केन्द्रों से आई ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखवाया गया। संग्रहण केन्द्र पर सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। नगर पालिका चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा। फिलहाल मतदान के बाद प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने वार्डों में मतदान के आंकड़ों और मतदाताओं के रुझान का आकलन करने में जुट गए हैं।

RELATED ARTICLES