केकड़ी, 23 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के राजीनामे के माध्यम से निस्तारण को लेकर बुधवार को न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-02 केकड़ी प्रवीण कुमार वर्मा ने की। अवकाशागार में आयोजित बैठक में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-01 जयमाला पानीगर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 आशीष बैंदाडा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 बीना मीना तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद शारिक उपस्थित रहे।

अधिकाधिक पक्षकार उठाएं लाभ: बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रवीण कुमार वर्मा ने न्यायिक अधिकारियों को पुराने प्रकरणों को चिन्हित कर उनका राजीनामे के माध्यम से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक, इजराय तथा अन्य राजीनामा योग्य प्रकरणों के अधिक से अधिक निस्तारण के लिए विशेष कार्यप्रणाली तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति से प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण का अवसर मिलता है। इसके लिए अधिक से अधिक पात्र प्रकरणों को लोक अदालत में लाने के साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिकाधिक पक्षकार इसका लाभ उठा सकें।


