केकड़ी, 23 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): एमएलडी आयुष नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को 11वां आयुर्वेद दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर आयुर्वेद के महत्व, उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय आयुर्वेद कॉलेज केकड़ी के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू तथा विशिष्ट अतिथि संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. गिरिराज साहू, सचिव चंद्र प्रकाश दुबे एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद अतिथियों का साफा पहनाकर, तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

विद्यार्थियों ने दिया आयुर्वेद अपनाने का संदेश: समारोह के दौरान प्रशिक्षण केंद्र के छात्र-छात्राओं ने आयुर्वेद के महत्व एवं उपयोगिता पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने भाषण, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा, स्वस्थ जीवनशैली तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता को रेखांकित किया। मुख्य अतिथि डॉ. गिरिराज साहू ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों से आयुर्वेद के सिद्धांतों को गहराई से समझने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

आयुर्वेद के जरिए समाज सेवा के लिए किया प्रेरित: संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद आधारित जीवनशैली एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाना उपयोगी है। वहीं प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के ज्ञान को आत्मसात कर समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह में डॉ. दिव्या गामोठ, दीपक कुमार शर्मा, सुनील साहू, पूजा कुमारी शर्मा, शैली जॉर्डन, यादवेंद्र राठौर, सुनील सैनी सहित प्रशिक्षण केंद्र के स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


