केकड़ी, 23 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका में विधायक जनसुनवाई केंद्र को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को भाजपा की ओर से घंटाघर स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर के बाहर हवन किया गया। भाजपा नेताओं एवं पार्षदों ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल एवं कांग्रेस नेताओं को सद्बुद्धि मिलने की कामना करते हुए यज्ञ में आहुतियां दीं। पंडित श्यामसुंदर शास्त्री के निर्देशन में आयोजित हवन में भाजपा के पार्षदों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पालिका में कक्ष को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस को घेरा और पालिकाध्यक्ष पर हठधर्मिता से राजनीति करने का आरोप लगाया।

पालिकाध्यक्ष का कक्ष यथावत है: भाजपा पार्षद राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस बोर्ड को बने अभी कुछ ही समय हुआ है, लेकिन पालिकाध्यक्ष हठधर्मिता करते हुए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पालिकाध्यक्ष का कक्ष यथावत है और उस पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस कक्ष में पूर्व में पालिकाध्यक्ष बैठते रहे हैं, वह वर्तमान में खाली है। चौधरी ने कहा कि विधायक जनसुनवाई केंद्र क्षेत्र से आने वाली गरीब जनता की समस्याओं की सुनवाई के लिए बनाया गया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम यहां बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल पर हठधर्मिता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

जनादेश का सम्मान करना चाहिए: भाजपा जिला प्रवक्ता सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि शहर के मतदाताओं ने जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने पालिकाध्यक्ष की ओर से की जा रही राजनीति को गलत बताते हुए कहा कि पार्षद कुछ मतों से चुनकर आता है, जबकि विधायक बड़ी संख्या में लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आपसी विवादों के बजाय केकड़ी के विकास और जनता की सेवा पर ध्यान देना चाहिए।

ये रहे मौजूद: हवन कार्यक्रम में भाजपा के पालिकाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे विनीत जैन, मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, पार्षद राजेंद्र चौधरी, मोहित वैष्णव, कैलाश चौधरी, गिरिराज खटीक, अजय जगरवाल, मनोज कुमावत, अरविंद कांसोटिया, केदार शर्मा, बंटी माली, लोकेश साहू, सुरेश साहू, दशरथ साहू, शिवराज चौधरी, दीपक दाधीच, महेश बोयत, रामनिवास तेली, दीपक मित्तल, अनिल राठी, धनराज चौधरी, कुशलचंद जैन, ज्ञानप्रकाश राठी, रोहन राठी, संजय बेनीवाल, दशरथ जाट, रोहित जांगिड़, धनराज माली, गौतम जेतवाल एवं दीपक गोयल सहित भाजपा के कई पार्षद एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

