Homeसमाजबाबा रामदेव जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, अखाड़ेबाजों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

बाबा रामदेव जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, अखाड़ेबाजों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

केकड़ी, 13 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जुवाड़िया मोहल्ला स्थित सकल पंच चौरासी मेघवंशी बलाई समाज बाबा रामदेवजी मंदिर में बाबा रामदेव जयंती एवं बाबा की दूज के अवसर पर बलाई समाज मंदिर समिति के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रविवार को भव्य शोभायात्रा, सम्मान समारोह एवं सामूहिक प्रसादी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में अखाड़े के उस्ताद नीलेश नामा सहित अन्य अखाड़ेबाजों ने आकर्षक एवं हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। मंदिर समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश पापड़वाल सहित समिति के पदाधिकारियों ने उस्तादों एवं अखाड़ेबाजों का माल्यार्पण कर तथा साफा बंधवाकर स्वागत किया।

केकड़ी: शोभायात्रा में शामिल महिलाएं।

महिलाओं ने सिर पर धारण किए कलश: शोभायात्रा खिड़की गेट, पाल टॉकीज, बस स्टैंड, अजमेरी गेट एवं घंटाघर होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। शोभायात्रा के दौरान अखाड़ेबाजों ने तलवारबाजी, लकड़ी चलाने सहित विभिन्न पारंपरिक एवं साहसिक करतब प्रस्तुत कर लोगों को रोमांचित कर दिया। निर्मलेश्वर महादेव के समक्ष भी अखाड़ेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मार्ग में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं शहरवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। वहीं घुड़सवारों की मौजूदगी ने शोभायात्रा के आकर्षण को और बढ़ा दिया। धार्मिक उत्साह एवं सामाजिक एकजुटता के माहौल में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए।

केकड़ी: वरिष्ठजनों का सम्मान करते समाजबंधु।

वरिष्ठजनों व सहयोगियों का सम्मान: सम्मान समारोह के दौरान मंदिर समिति की ओर से समाज के वरिष्ठ एवं बुजुर्गजनों तथा समाज के लिए सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं सहयोगियों का माला पहनाकर एवं साफा बंधवाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भूरालाल मेघवंशी सहित पारा मंदिर समिति के गणेशलाल तानाण एवं अन्य अतिथियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज की ओर से सामूहिक प्रतिभोज एवं प्रसादी का आयोजन किया गया। मंदिर समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश पापड़वाल ने सभी समाजबंधुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में नाथू उस्ताद, अध्यक्ष ओमप्रकाश पापड़वाल, देवीलाल कटारिया, सुगनलाल कटारिया, लालचंद पापड़वाल, गोपाल मांगलिया, कैलाशचंद्र कुराडिया, द्वारकाप्रसाद पापड़वाल, गोपाल पचौरी, हरिप्रसाद, गोपीलाल पापड़वाल, हेमराज कटारिया, छात्रावास अध्यक्ष हेमराज पापड़वाल, राजेंद्र कुमार पापड़वाल, दिलखुश साउंड, नवरत्न कुराडिया, बुद्धिप्रकाश कटारिया, शंकरलाल पापड़वाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन देवकरण मेघवंशी ने किया।

RELATED ARTICLES