केकड़ी, 13 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरकारी संपत्ति की चोरी के मामले में सरवाड़ थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की लोहे की पाइपलाइन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त जेसीबी मशीन जब्त करने के साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए लोहे के पाइप भी बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी सरवाड़ रामपाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

5-7 स्थानों पर मिले थे गड्ढे: पुलिस के अनुसार 23 अगस्त 2026 को पीएचईडी के सहायक अभियंता लोकेश कुमार ने विभागीय पाइपलाइन का निरीक्षण किया था। इस दौरान अजगरा से सरवाड़ टोल तथा सरवाड़ टोल से गोयला बस स्टैंड तक करीब 5 से 7 स्थानों पर सड़क के दोनों ओर गड्ढे खुदे मिले। निरीक्षण में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने खुदाई कर केकड़ी से नसीराबाद तक बिछाई गई पीएचईडी की 600 मिलीमीटर व्यास की पुरानी लोहे की पाइपलाइन को निकालकर चोरी कर लिया। इस पर पुलिस थाना सरवाड़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

रात की गश्त में जेसीबी सहित पकड़े: पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान 11-12 सितंबर की रात रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग के दौरान घटनास्थल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति जेसीबी मशीन सहित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में दोनों की पहचान बड़गांव थाना भिनाय निवासी प्रभुलाल गुर्जर (29) पुत्र मेवाराम एवं सूरजपुरा थाना सरवाड़ निवासी समीर मोहम्मद (21) पुत्र लतीफ मोहम्मद के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सरकारी लोहे की पाइपलाइन से पाइप चोरी करना स्वीकार किया।

चोरी गए पाइप बरामद: आरोपियों ने अगस्त माह में भी इसी स्थान से पाइप चोरी करने तथा दोबारा जेसीबी मशीन लेकर पाइपलाइन से लोहे के पाइप निकालने की नीयत से पहुंचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त जेसीबी मशीन जब्त कर ली। वहीं आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए लोहे के पाइप भी बरामद किए गए। दोनों आरोपियों से पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई रामनिवास, एएसआई कजोड़मल, कांस्टेबल दातार सिंह व हरिराम ने अहम भूमिका निभाई है।

