केकड़ी, 21 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): स्नेह, विश्वास व अपार जनसमर्थन के बीच विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने जन्मदिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने 22 जुलाई को अपने जन्मदिवस के अवसर पर सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्रवासियों व समर्थकों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने साफा, माला, पुष्पगुच्छ व केक जैसे पारंपरिक आयोजनों पर होने वाले खर्च से इतर गौसेवा, जीवदया व समाज सेवा से जुड़ने का संदेश दिया है।

असहायों की सहायता के लिए किया प्रेरित: विधायक गौतम ने अपने संदेश में कहा कि उनके जन्मदिवस पर किसी भी प्रकार के औपचारिकता भरे उपहार या फिजूलखर्च के स्थान पर यदि समर्थक अपनी श्रद्धानुसार गौशाला में सहयोग करें अथवा निर्धन, असहाय व जरूरतमंद बच्चों व व्यक्तियों की सहायता करें, तो यही उनके लिए सबसे अनमोल व यादगार उपहार होगा। किसी जरूरतमंद के चेहरे की मुस्कान व गौसेवा ही इस अवसर की सबसे बड़ी खुशी साबित होगी। गौतम बुधवार 22 जुलाई को जयपुर रोड अहिंसा नगर स्थित निज आवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों व क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं स्वीकार करेंगे।


