Homeक्राइम न्यूजस्मैक तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 8.60 लाख की स्मैक व...

स्मैक तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 8.60 लाख की स्मैक व 1.31 लाख नगदी के साथ महिला गिरफ्तार

केकड़ी, 21 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 8 लाख 60 हजार रुपए मूल्य की 42.95 ग्राम अवैध स्मैक, बिक्री की 1,31,450 रुपए की नगदी व इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त के दौरान सावर के कुशायता-पण्डेर रोड पहुंची। वहां संदिग्ध हालत में मिली भावना सांसी (26) पत्नी मनीष निवासी सांसी बस्ती (सावर) के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई।

नकदी और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त: तलाशी के दौरान बैग में अलग-अलग जिपर पाउच में रखी 42.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसे वह ग्राहकों को बेचने के उद्देश्य से रखे हुए थी। पुलिस ने महिला तस्कर के पास से स्मैक बिक्री के 1,31,450 रुपए नगद और ग्राहकों को तौलकर स्मैक बेचने के काम में लिया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच केकड़ी शहर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी के जिम्मे की गई है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा, एएसआई नारा​य​ण सिंह, हैड कांस्टेबल शंकर लाल, कांस्टेबल राकेश, महेन्द्र, हरकेश, चालक कांस्टेबल लोकेश एवं महिला कांस्टेबल नाजमीन की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्ता से स्मैक की खरीद-फरोख्त व नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES