केकड़ी, 13 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन जिला अजमेर की बैठक बुधवार को नगर निगम अजमेर के प्रांगण में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष रामगोपाल डांगा (केकड़ी) की अध्यक्षता एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री कमल किशोर शर्मा के सानिध्य में आयोजित इस बैठक में जिले की समस्त निकायों के अध्यक्षों, महामंत्रियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 30 एवं 31 मई 2026 को सीकर में आयोजित होने जा रहे प्रांतीय अधिवेशन की रूपरेखा तैयार करना था। पदाधिकारियों को अधिवेशन में अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से पक्ष रखने के लिए 8 सूत्रीय मांग पत्र तैयार किया गया, जिसे अधिवेशन के मुख्य एजेंडे में शामिल किया जाएगा। इस मौके पर जिला महामंत्री विमल कुमार दाधीच, उपाध्यक्ष अय्याज अहमद शेख, संगठन मंत्री राजेश बंजारा, जिला प्रचार-प्रसार मंत्री भाग चंद खींची, शब्बीर अहमद, मुकेश मुर्जवानी, अनिल उदासी, विक्रम सिंह, भगवानदास जेठानी, सुरेन्द्र कुमार, रईस अहमद गौरी, शशिकांत दाधीच व प्रतीक पारचा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ये है प्रमुख मांगें: बैठक में आपसी विचार-विमर्श के बाद तैयार किए प्रस्ताव के अनुसार मांग की गई कि नगरीय निकायों में स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार सभी पदों में बढ़ोतरी की जाए, राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही RGHS योजना को राज्य कर्मचारियों के समान पूर्णतः लागू किया जाए, कर्मचारियों व अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में पदोन्नति का लाभ मिले, निकाय कर्मियों को राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों के अनुरूप समान वेतन व भत्ते दिए जाएं, निकायों के रिक्त पदों पर अन्य विभागों के अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर न लगाया जाए, कार्मिकों को आवास के लिए रियायती दरों पर भूखंड आवंटित किए जाएं, वर्षों से संविदा या अनुबंध पर कार्यरत श्रमिकों व कार्मिकों को स्थाई कर रिक्त पदों को भरा जाए तथा कर्मचारियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना अनिवार्य रूप से लागू की जाए।


